
जामताड़ा: नारायणपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, नावाडीह के सहायक अध्यापक सह सचिव सुभाष दत्ता गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद जिले के गोविंदपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुभाष दत्ता बाइक से नारायणपुर से अपने घर नावाडीह लौट रहे थे. इसी दौरान आसाडीह गांव के समीप मुरलीपहाड़ी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक मोटरसाइकिल से उनकी आमने-सामने की टक्कर हो गई. टक्कर के बाद पीछे से आ रहा सीमेंट लदा ट्रक उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. इस दुर्घटना में उनका एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं.
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों एवं परिजनों ने तत्काल उन्हें गोविंदपुर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया. हालांकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





