
सरायकेला: जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है. इसी क्रम में गुरुवार को राजनगर थाना क्षेत्र में यातायात पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया.


जांच के दौरान वाहन संख्या OD29F- 9041 के चालक अक्षय कुमार कांडी तथा वाहन संख्या OD09AF- 2899 के चालक संजय महतो शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए. ब्रेथ एनालाइजर से जांच में दोनों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई. इसके बाद मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए दोनों पर जुर्माना लगाया गया.
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि शराब पीकर वाहन चलाने. तेज रफ्तार. गलत दिशा में वाहन चलाने. बिना हेलमेट. बिना सीट बेल्ट तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी चालक को बख्शा नहीं जाएगा. ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.
यातायात पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि शराब या किसी भी प्रकार के नशे का सेवन कर वाहन न चलाएं. यातायात नियमों का पालन करें. अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें. आपका एक जिम्मेदार निर्णय कई अनमोल जिंदगियों को बचा सकता है.
Edited By Sarita Mahato





