
सरायकेला: जिले में कानून- व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर गुरुवार को सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्ती अभियान चलाया गया. सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में निकली पुलिस टीम ने बाजार, चौक- चौराहों, सार्वजनिक स्थलों एवं संवेदनशील इलाकों का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.


गश्ती के दौरान पुलिस ने स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों एवं आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की. अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना था.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वाले युवकों और असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि बेवजह भीड़ लगाना, लोगों को परेशान करना अथवा किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि में शामिल होना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. यदि थाना क्षेत्र के किसी भी हिस्से में कानून- व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की गई तो संबंधित लोगों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने लोगों से अपील की कि नशाखोरी, छेड़खानी, चोरी, मारपीट या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना बिना किसी हिचकिचाहट के तुरंत सरायकेला थाना को दें. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी.
थाना प्रभारी ने कहा कि सरायकेला थाना क्षेत्र में कानून से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है. पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि जनता की एक सूचना किसी बड़ी घटना को रोक सकती है, इसलिए पुलिस-जन सहयोग को और मजबूत बनाने की जरूरत है.
पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार का पैदल गश्ती अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. इसका उद्देश्य अपराधियों और असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना तथा आम लोगों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल मजबूत करना है.
प्रमोद सिंह (संपादक)





