
जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते- होते टल गया. तेज रफ्तार से आ रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सीधे कोटक महिंद्रा बैंक की शाखा में जा घुसा. हादसे के बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. दुर्घटना में बैंक भवन के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि, राहत की बात यह रही कि कोई बड़ा जनहानि नहीं हुई.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक तेज गति से गुजर रहा था. इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे स्थित बैंक की इमारत से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बैंक के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया.
हादसे के समय बैंक परिसर में मौजूद एटीएम गार्ड बाल-बाल बच गया. यदि ट्रक कुछ और आगे बढ़ जाता या उस समय बैंक के प्रवेश द्वार पर अधिक लोग मौजूद होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था.
दुर्घटना में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया. दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा. बाद में क्रेन की मदद से ट्रक को बैंक परिसर से हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई.
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खो देना प्रतीत हो रहा है. हालांकि, तकनीकी खराबी या अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है. मामले की जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Edited By Shubham Mishra





