
खरसावां: प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय खमारडीह में सोमवार को सम्मान समारोह का आयोजन कर लिटिल चैंप्स अंडर-12 फुटबॉल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया. समारोह में प्रखंड स्तरीय विजेता एवं जिला स्तरीय उपविजेता बनी बालक और बालिका फुटबॉल टीम के खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई.


विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों ने अभिभावकों की उपस्थिति में खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की. कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा अन्य विद्यार्थियों को खेल और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना था.
शिक्षक बाबूराम गागराई ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर प्रखंड एवं जिला स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन किया है. उन्होंने कहा कि खेलकूद बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिससे उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीआरपी सुभाष चंद्र प्रधान ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यदि बच्चे इसी समर्पण और मेहनत के साथ आगे बढ़ते रहे तो भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने में सहयोग करने की अपील की.

ग्राम प्रधान सुरेंद्र पूर्ति ने कहा कि गांव और विद्यालय के लिए यह गर्व का विषय है कि यहां के बच्चे लगातार खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने खिलाड़ियों को आगे भी पूरे उत्साह और मेहनत के साथ अभ्यास जारी रखने की सलाह दी.
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष जन्मेजय सांडिल, जानो बांकिरा, तुलसी बानसिंह, सलामी हेंब्रम, मेंजारी मुंडा, शिक्षिका सुष्मिता बांकिरा, शिक्षक बाबूराम गागराई, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे. कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई.
Edited By Sarita





