
चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिला परिवहन विभाग की पहल पर कुकड़ू पंचायत भवन में ऑनलाइन लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया. प्रथम चरण के इस शिविर में कुकड़ू, चौड़ा, तिरुलडीह और ईचाडीह पंचायत के अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन परीक्षा की व्यवस्था की गई थी. पहले से ऑनलाइन स्लॉट बुक कराने वाले 100 से अधिक अभ्यर्थियों ने सफलतापूर्वक परीक्षा में भाग लिया.


शिविर के दौरान परिवहन विभाग के अधिकारियों ने सभी आवेदकों के दस्तावेजों का सत्यापन किया और निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन लर्निंग लाइसेंस परीक्षा संपन्न कराई. पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू रहीं और परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा.
हालांकि कई ऐसे लोग भी लाइसेंस बनवाने की उम्मीद लेकर शिविर पहुंचे, जिन्होंने पहले से ऑनलाइन स्लॉट बुक नहीं कराया था. स्लॉट बुकिंग अनिवार्य होने के कारण उन्हें परीक्षा में शामिल नहीं किया जा सका. इससे कई आवेदकों को निराश होकर लौटना पड़ा. कई लोगों ने बताया कि उन्हें पहले से स्लॉट बुक कराने की अनिवार्यता की जानकारी नहीं थी.

परिवहन विभाग ने ऐसे आवेदकों को राहत देते हुए बताया कि 21 जुलाई को बेरासी सिरूम पंचायत भवन में दूसरे चरण का विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा. इस शिविर में लेटेमदा, बेरासी सिरूम, जानूम, परगामा और ओड़िया पंचायत के अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे.
विभाग ने सभी इच्छुक आवेदकों से अपील की है कि वे समय रहते ऑनलाइन स्लॉट बुक कर लें, ताकि शिविर के दिन बिना किसी परेशानी के परीक्षा में शामिल होकर लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी कर सकें.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर





