
सरायकेला: जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन (डीएसए) के तत्वावधान में आयोजित जिला फुटबॉल लीग में सोमवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम रोमांचक मुकाबलों का गवाह बना. दिन के दोनों मैचों में विजेता टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एकतरफा जीत दर्ज की. पहले मुकाबले में भेलाईडीह सिनी ने एफसी राजनगर को 5-0 से पराजित किया, जबकि दूसरे मैच में ट्रिपल ए हरिहरपुर ने टेंगाडीह नीमडीह को 3-0 से शिकस्त दी.


पहले मुकाबले में भेलाईडीह सिनी की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया. पहले हाफ में दशमथ हासदा, राजू मांझी, विभूति भूषण और आकाश मोदी ने एक-एक गोल कर टीम को 4-0 की मजबूत बढ़त दिलाई. दूसरे हाफ में राजू मांझी ने अपना दूसरा और टीम का पांचवां गोल दागते हुए 5-0 की शानदार जीत सुनिश्चित की.
दूसरे मुकाबले में ट्रिपल ए हरिहरपुर ने भी पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा. पहले हाफ में सुशील टुडू और लखीराम मुर्मू ने गोल कर टीम को 2-0 की बढ़त दिलाई. दूसरे हाफ में लखीराम मुर्मू ने अपना दूसरा गोल करते हुए स्कोर 3-0 कर दिया. टेंगाडीह नीमडीह की टीम पूरे मैच में कोई गोल नहीं कर सकी और हरिहरपुर ने शानदार जीत अपने नाम कर ली.

प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी और जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार ने संयुक्त रूप से किया. इस अवसर पर लोक कला मंच के कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया.
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि जिला फुटबॉल संघ लगातार खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध करा रहा है, जिससे जिले की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान मिल रही है. वहीं जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए डीएसए के प्रयासों की सराहना की.
कार्यक्रम में अशोका इंटरनेशनल के निदेशक सत्यनारायण प्रधान, डीएसए के सचिव मोहम्मद दिलदार, पिनाकी रंजन, बलराम महतो, संजय सुंडी सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.
पहले मैच में संतोष महतो, जगदीश टुडू, दशरथ हासदा और शंकर सरदार ने रेफरी की जिम्मेदारी निभाई. दूसरे मुकाबले में बिरेन पॉल, समीर महतो, रतन मुर्मू और सुखदेव गौड़ रेफरी रहे.
कल के मुकाबले
मंगलवार को खरसावां के अर्जुना स्टेडियम में पहला मुकाबला क्रिशू-11 जोजोड़ीह और तूड़ीयान एफसी के बीच खेला जाएगा. वहीं दूसरा मैच एसएफए मातकमडीह और रीडिंग एफसी के बीच होगा.
प्रमोद सिंह (संपादक)





