
सरायकेला: कपाली नगर परिषद सभागार में सोमवार को आयोजित बोर्ड बैठक में नगर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. बैठक की अध्यक्षता ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने की. बैठक में बिजली, पेयजल, जलजमाव, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई.


बैठक में नगर परिषद क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या बिजली व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई. विधायक सविता महतो ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नगर परिषद के सभी 21 वार्डों में आवश्यकता के अनुसार मंगलवार से ही नए बिजली पोल लगाने का कार्य शुरू किया जाए. इसके साथ ही जर्जर बिजली तारों को बदलने तथा जरूरत वाले क्षेत्रों में नए तार बिछाने की दिशा में भी तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिल सके.

बारिश के मौसम को देखते हुए जलजमाव और पेयजल संकट पर भी गंभीरता से विचार- विमर्श किया गया. विधायक ने जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान कर स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए. साथ ही पेयजल व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा नगर क्षेत्र में ब्लीचिंग पाउडर का नियमित छिड़काव कराने का भी निर्देश अधिकारियों को दिया, ताकि संक्रामक बीमारियों की आशंका को कम किया जा सके.
बैठक में नगर की साफ-सफाई, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई. जनप्रतिनिधियों ने अपने- अपने वार्डों की समस्याओं को बैठक में रखा, जिस पर अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया.
विधायक सविता महतो ने कहा कि नगरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और सभी विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया.
बैठक में कपाली नगर परिषद के अध्यक्ष परवेज आलम उर्फ चांद भाई, उपाध्यक्ष मोहम्मद शबान उर्फ सिंटू, सभी 21 वार्डों के पार्षद, कार्यपालक पदाधिकारी गोपी कृष्णा, सिटी मैनेजर शकील अनवर मेंहदी, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे.
Edited By Sarita





