
खरसावां: खूंटपानी प्रखंड के चुरगुई गांव में लिटिल स्टार क्लब द्वारा आयोजित पांच दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सोमवार को भव्य समापन हुआ. प्रतियोगिता के समापन समारोह में खरसावां के विधायक दशरथ गागराई और समाजसेवी बासंती गागराई ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया.


पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता में कुल 64 टीमों ने हिस्सा लिया. फाइनल मुकाबले में जेपी इलेवन स्टार बंडोमुंडा ने एनवाईएस जोबाजंजीर (कुचाई) को हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. विजेता टीम को 95 हजार रुपये, उपविजेता टीम को 65 हजार रुपये तथा तीसरे और चौथे स्थान पर रही जीओ एफसी एवं मार्शल एफसी को 27-27 हजार रुपये की पुरस्कार राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की गई.

किन्नर वर्ग की प्रतियोगिता में जमशेदपुर एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया. विजेता टीम को चार हजार रुपये, जबकि उपविजेता चाईबासा एफसी को 3,600 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई.
40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग (वेटरन) की प्रतियोगिता में सरायकेला टाइगर क्लब ने पहला स्थान प्राप्त किया. विजेता टीम को 12 हजार रुपये तथा उपविजेता डिफेंस एफसी, चाईबासा को नौ हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया.
महिला वर्ग में सीकेपी एफसी चैंपियन बनी और उसे 3,500 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई. वहीं जूनियर गर्ल्स डोपाई की टीम उपविजेता रही, जिसे 2,500 रुपये का पुरस्कार मिला.
समापन समारोह से पूर्व विधायक दशरथ गागराई ने फुटबॉल पर किक मारकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा सभी टीमों से परिचय प्राप्त किया. भारी बारिश के बावजूद खिलाड़ियों और हजारों खेल प्रेमियों का उत्साह देखने लायक रहा. पूरे मैदान में रोमांचक मुकाबलों के बीच खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का जमकर हौसला बढ़ाया.
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य यमुना तियु, विधायक प्रतिनिधि दुर्गाचरण पाड़ेया, प्रखंड अध्यक्ष बबलू गोडसोरा, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष डिंबू तियू, ज्योति बोदरा, अशोक मुंडरी, झामुमो के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे.
Edited By Sarita





