
सरायकेला: विश्व जनसंख्या दिवस-2026 के अवसर पर जिले में 11 जुलाई से 10 अगस्त तक जनसंख्या स्थिरीकरण एवं परिवार नियोजन पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा. अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है. इस संबंध में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गईं.


बैठक में अभियान को जनभागीदारी आधारित बनाने, विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, परिवार नियोजन सेवाओं को अधिक से अधिक पात्र दंपत्तियों तक पहुंचाने तथा सभी निर्धारित कार्यों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया.
उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने कहा कि जनसंख्या स्थिरीकरण केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सभी विभागों के संयुक्त प्रयास से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है. उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ गांव से लेकर शहर तक व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया.
बैठक में शिक्षा विभाग को निर्देश दिया गया कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के माध्यम से परिवार नियोजन एवं जनसंख्या स्थिरीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाए तथा उन्हें जागरूकता कार्यक्रमों और शिविरों से जोड़ा जाए.
समाज कल्याण विभाग को बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं के सहयोग से गांव-गांव में परिवार नियोजन के विभिन्न उपायों का प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र लाभुकों को शिविरों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया.
पंचायती राज विभाग को ग्राम प्रधान, मुखिया, वार्ड सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंख्या स्थिरीकरण और परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता फैलाने तथा अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई.
शहरी निकायों को शहरी क्षेत्रों में परिवार नियोजन शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, पात्र दंपत्तियों तक अभियान की जानकारी पहुंचाने तथा उन्हें शिविरों में शामिल कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन समिति को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से गांवों में जागरूकता अभियान चलाने तथा पात्र लाभुकों को परिवार नियोजन शिविरों में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई.
उप विकास आयुक्त ने सभी विभागों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस एवं परिवार नियोजन पखवाड़ा को जनसहभागिता का व्यापक अभियान बनाया जाए, ताकि समाज में छोटे परिवार, स्वस्थ परिवार और सुरक्षित भविष्य का संदेश प्रभावी रूप से पहुंच सके.
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह





