
जमशेदपुर: शहर के लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी अभिषेक कुमार को गिरफ्तार करने के लिए सोमवार सुबह पुलिस को फिल्मी अंदाज में ऑपरेशन चलाना पड़ा. सीतारामडेरा, गोविंदपुर और सिदगोड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने नीतिबाग कॉलोनी में घेराबंदी कर आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया.


पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कई मामलों में फरार चल रहा अभिषेक कुमार अपने नीतिबाग स्थित घर में मौजूद है. सूचना मिलते ही तीनों थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की.
पुलिस टीम को देखते ही अभिषेक कुमार एक मकान की छत से दूसरे मकान की छत पर कूदकर भागने लगा. कुछ देर तक पुलिस और आरोपी के बीच छतों पर पीछा चलता रहा, जिससे पूरे इलाके में अफरा- तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोग भी इस घटनाक्रम को देखने के लिए अपने घरों से बाहर निकल आए.
काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया. भागने के दौरान अभिषेक कुमार घायल भी हो गया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गई. प्राथमिक इलाज के बाद उसे थाना लाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई.
पुलिस के अनुसार अभिषेक कुमार के खिलाफ जमशेदपुर के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी. सोमवार को चलाए गए संयुक्त अभियान में पुलिस को आखिरकार उसे गिरफ्तार करने में सफलता मिल गई.
Edited By Sarita





