
जमशेदपुर: शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब ने पुलिस व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है. एसएसपी के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस में तैनात बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को विभिन्न थाना क्षेत्रों में पदस्थापित किया गया है, ताकि अपराध की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.


जानकारी के अनुसार, शहर के प्रत्येक थाना क्षेत्र में ट्रैफिक शाखा से पांच- पांच जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है. इसके अलावा करीब 42 पुलिस अधिकारियों को भी अलग- अलग थानों में पदस्थापित किया गया है. पुलिस मुख्यालय का मानना है कि इससे गश्त, त्वरित प्रतिक्रिया और अपराध नियंत्रण की व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी.
हालांकि इस फैसले के बाद शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं. ट्रैफिक शाखा से बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के थानों में भेजे जाने के कारण यातायात प्रबंधन एक नई चुनौती बन सकता है. वहीं, हाल के दिनों में ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली और व्यवस्था को लेकर भी लगातार सवाल उठते रहे हैं.
पुलिस महकमे में एसएसपी के इस फैसले की व्यापक चर्चा है. माना जा रहा है कि यह कदम अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देने की रणनीति का हिस्सा है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पुलिस का यह नया प्रयोग शहर में अपराध पर कितना प्रभावी अंकुश लगा पाता है और ट्रैफिक व्यवस्था को किस प्रकार संतुलित रखा जाता है.
Edited By Sarita





