
जमशेदपुर: विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ आजादनगर थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर इश्तिहार तामिला की कार्रवाई की. पुलिस ने ढोल- नगाड़ों के साथ आरोपी के संभावित आवास और थाना परिसर में इश्तिहार चस्पा कर उसे न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने की चेतावनी दी.


पुलिस के अनुसार असहर जमी सोहेल, पिता स्वर्गीय सोहेल अहमद, निवासी हाउस नंबर-1, बच्चा खान रोड, जाकिर नगर, थाना आजादनगर के विरुद्ध वर्ष 2022 में विदेश भेजने के नाम पर ठगी का मामला दर्ज किया गया था. आजादनगर थाना कांड संख्या 58/2022, दिनांक 7 जून 2022 में उसके खिलाफ तत्कालीन भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 406 और 420 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
जांच के दौरान आरोपी लगातार फरार रहा. इसके बाद माननीय न्यायालय, जमशेदपुर ने उसके विरुद्ध इश्तिहार जारी किया. न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 4 जुलाई 2026 को इश्तिहार न्यायालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा किया गया. इसके बाद 5 जुलाई 2026 को आजादनगर थाना पुलिस ने विधिवत ढोल-नगाड़ों के साथ आरोपी के संभावित निवास, रोड नंबर-15, ओल्ड पुरुलिया रोड तथा आजादनगर थाना परिसर के मुख्य द्वार पर इश्तिहार चस्पा कर तामिला की प्रक्रिया पूरी की.
पुलिस ने बताया कि यदि आरोपी निर्धारित अवधि के भीतर न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं होता है, तो न्यायालय के निर्देशानुसार उसके विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





