
सरायकेला: जिले में कानून- व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से रविवार को सरायकेला पुलिस ने विशेष एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया. पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की गई.


अभियान के दौरान पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी), प्रदूषण प्रमाणपत्र (पीयूसी) समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की. साथ ही वाहनों की डिक्की, बैग और अन्य सामान की तलाशी लेकर संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई. संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान का भी सत्यापन किया गया.
पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को रोककर कड़ी चेतावनी दी. वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की सलाह भी दी गई.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि यह अभियान चोरी, लूट, छिनतई, अवैध हथियारों की तस्करी, मादक पदार्थों के कारोबार तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाई जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की कड़ी नजर है. किसी भी प्रकार की आपराधिक सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके. पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे विशेष एंटी क्राइम चेकिंग अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि नियमित जांच अभियान से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा अपराधियों में भय का माहौल बनेगा.
प्रमोद सिंह (संपादक)





