
सरायकेला: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के 30वें स्थापना दिवस के अवसर पर आदित्यपुर के होटल राज प्रभा सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व युवा राजद जिला अध्यक्ष उदित यादव ने किया, जबकि मुख्य अतिथि प्रदेश महासचिव सह पूर्वी सिंहभूम प्रभारी एवं आदित्यपुर नगर निगम के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह मौजूद रहे. इस अवसर पर 30 पाउंड का केक काटकर पार्टी का स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया.


केक कटने के साथ ही कार्यकर्ताओं ने “राष्ट्रीय जनता दल जिंदाबाद”, “लालू प्रसाद यादव जिंदाबाद”, “तेजस्वी यादव जिंदाबाद” और “संजय प्रसाद यादव जिंदाबाद” के जोरदार नारे लगाए. कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई.

मुख्य अतिथि पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि राजद केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समानता की विचारधारा है. उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य समाज के कमजोर, वंचित, दलित, आदिवासी, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों के अधिकारों की रक्षा करना है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से राजद की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया.
पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि कोल्हान में राजद का गौरवशाली इतिहास रहा है और अब संगठन को फिर से मजबूत बनाने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि पश्चिम सिंहभूम के मझगांव और जगन्नाथपुर, सरायकेला- खरसावां के इचागढ़ और सरायकेला तथा पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर पूर्व और जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को चुनाव लड़ने योग्य मजबूत बनाया जाएगा.
उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार में राजद कोटे से मंत्री संजय प्रसाद यादव के पास उद्योग, श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण विभाग हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि मंत्री के नेतृत्व में कोल्हान में नए उद्योग स्थापित होंगे, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और मजदूरों को उनका अधिकार मिलेगा. उन्होंने कहा कि यदि किसी मजदूर या कामगार के साथ अन्याय होता है या उसे उचित मजदूरी नहीं मिलती है तो वह संबंधित अधिकारियों अथवा पार्टी कार्यकर्ताओं से संपर्क कर न्याय प्राप्त कर सकता है.
कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध भोजपुरी गायक राजेश रसिक यादव ने राजद और सामाजिक न्याय पर आधारित गीत प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया. कार्यक्रम को पूर्व प्रदेश महासचिव देव प्रकाश, युवा राजद नगर अध्यक्ष अश्वनी कुमार सिंह यादव और प्रभास कुमार झा ने भी संबोधित किया.
कार्यक्रम को सफल बनाने में सेवा सिंह, मिथिलेश कुमार झा, ओम प्रकाश, भुनेश्वर यादव, संजय कुमार, विनोद कुमार गुप्ता, राहुल कुमार राय, मुकेश गिरी, विनोद कुमार, संतोष यादव, मनोज चौरसिया, सोनू पासवान, विवेक राणा, विशाल राणा, अनिरुद्ध सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही.
Edited By Sarita





