
जमशेदपुर: स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई पहल के तहत साकची स्थित नेक्स्ट स्टेप फिजियोथेरेपी एंड रीहैबिलिटेशन सेंटर में झारखंड का पहला अत्याधुनिक रोबोटिक फिजियोथेरेपी एवं रीहैबिलिटेशन सेवाओं की शुरुआत की गई है. सेंटर में आधुनिक रोबोटिक तकनीकों और उन्नत चिकित्सा उपकरणों की मदद से मरीजों को वैज्ञानिक, सुरक्षित और प्रभावी उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है.


सेंटर के प्रबंधक एवं वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. सुजीत जी. घोषाल ने बताया कि यहां ऑर्थोपेडिक, न्यूरोलॉजिकल, स्पोर्ट्स इंजरी, पोस्ट-ऑपरेटिव रिकवरी, लकवा, कमर दर्द, गर्दन दर्द, घुटनों के दर्द तथा मांसपेशियों और नसों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के इलाज एवं पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध है. प्रत्येक मरीज की शारीरिक स्थिति का विस्तृत मूल्यांकन कर उसके अनुरूप व्यक्तिगत उपचार एवं रीहैबिलिटेशन योजना तैयार की जाती है.
सेंटर में रोबोटिक 4डी स्पाइनल डीकम्प्रेशन, रोबोटिक गेट रीहैबिलिटेशन सिस्टम, फंक्शनल मैग्नेटिक स्टिमुलेटर, क्लास-4 लेजर थेरेपी, प्रेशर वेव थेरेपी, आई-टिकार थेरेपी, मोटराइज्ड टिल्ट टेबल, पावर्ड मसल स्टिमुलेटर, एडवांस ट्रैक्शन, सीपीएम, आईएफसीटी, टेन्स, डायनामिक अल्ट्रासाउंड और डायाथर्मी जैसी आधुनिक तकनीकों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है.

सेंटर में बुजुर्गों, ऑपरेशन के बाद घर पर उपचार की आवश्यकता वाले मरीजों तथा चलने- फिरने में असमर्थ लोगों के लिए होम विजिट फिजियोथेरेपी एवं रीहैबिलिटेशन सेवा भी शुरू की गई है. इसके तहत विशेषज्ञ फिजियोथेरेपिस्ट मरीजों के घर जाकर उपचार प्रदान करते हैं.

वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. सुजीत जी. घोषाल, डॉ. बंधन सिंह और डॉ. पिंकी कुमारी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य झारखंड के मरीजों को आधुनिक रोबोटिक फिजियोथेरेपी एवं रीहैबिलिटेशन सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े. उनका कहना है कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग से मरीजों की रिकवरी प्रक्रिया अधिक प्रभावी, सुरक्षित और तेज हो सकती है.
सेंटर प्रबंधन के अनुसार यहां हर वर्ग के मरीजों के लिए उपचार किफायती दरों पर उपलब्ध कराया जा रहा है. प्रबंधन ने दावा किया कि सेंटर में पिछले एक महीने से मरीजों को नि:शुल्क उपचार भी उपलब्ध कराया जा रहा है. वहीं यहां उपचार करा रहे कई मरीजों ने डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ के सहयोगात्मक व्यवहार तथा उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया.
Edited By Sarita





