
जमशेदपुर: जुगसलाई में कपड़ा दुकानदार से रंगदारी मांगने और फायरिंग करने के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. फरार चल रहे आरोपी मोहित बाग उर्फ थाटो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था.


गौरतलब है कि 15 मई को जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय बाजार स्थित यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान पर मैरून रंग की वैगनआर कार से पहुंचे अपराधियों ने रंगदारी की मांग को लेकर फायरिंग की थी और मौके से फरार हो गए थे. घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की थी.
जांच में मनीष सिंह गिरोह के सन्नी सिंह सरदार, सागर उपाध्याय उर्फ बिक्कू मात्रे, बानेश्वर नामता उर्फ मानस, अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन और मोहित बाग उर्फ थाटो की संलिप्तता सामने आई थी. इनमें से अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी, जबकि मोहित बाग फरार चल रहा था.
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर स्थित उसके घर के पास छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. इससे पहले इसी मामले में राहुल सिंह उर्फ बड़कू, हरप्रीत सिंह भामराह उर्फ हैप्पी, राहुल सिंह उर्फ गेटलु, अंकित सोनकर और शिवम रामटेके को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.
पुलिस इस मामले में अब तक पांच देसी पिस्तौल, जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार भी बरामद कर चुकी है. पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह के नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है.
Edited By Sarita





