
सरायकेला: पिछले सात महीनों से सम्मान राशि का भुगतान नहीं होने से नाराज झारखंड आंदोलनकारियों ने अब आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है. शनिवार को आंदोलनकारियों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर 6 जुलाई से सरायकेला स्थित सिद्धू-कान्हू पार्क में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की घोषणा की.


झारखंड आंदोलनकारी धनपति सरदार और सुखलाल हेंब्रम ने ज्ञापन में बताया कि सम्मान राशि का भुगतान लंबे समय से लंबित रहने के कारण आंदोलनकारियों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है. कई आंदोलनकारी वृद्ध हैं और उनके जीवन- यापन का मुख्य आधार यही सम्मान राशि है. लगातार भुगतान नहीं होने से उन्हें गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
आंदोलनकारियों ने मांग की है कि बकाया सम्मान राशि का अविलंब भुगतान किया जाए. अन्यथा 6 जुलाई से सिदो- कान्हू पार्क में शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा. उन्होंने धरना के दौरान विधि- व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन से पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की भी मांग की है.
धनपति सरदार ने कहा कि अलग झारखंड राज्य के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारी आज अपनी सम्मान राशि के लिए भटकने को मजबूर हैं. उन्होंने कहा कि सरकार उनकी उपेक्षा बंद करे और जल्द बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित करे. यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन जारी रहेगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी.
आंदोलनकारियों ने कहा कि उनका विरोध पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा. साथ ही सरकार से जल्द सकारात्मक पहल कर सम्मान राशि जारी करने की मांग की, ताकि उन्हें आंदोलन के लिए विवश न होना पड़े.
प्रमोद सिंह (संपादक)





