
जामताड़ा: जिले के फतेहपुर प्रखंड कार्यालय सभागार में शनिवार को बाल संरक्षण विषय पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला में बाल विवाह, बाल तस्करी, बच्चों के यौन शोषण तथा उनके अधिकारों और संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी गई.


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बालगृह के अधीक्षक सुजीत गोस्वामी ने कहा कि गांवों में रहने वाले जरूरतमंद और सुविधाओं से वंचित बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनके समुचित विकास का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि जिन बच्चों के अभिभावक नहीं हैं या जिनका पालन-पोषण प्रभावित हो रहा है, उन्हें बालगृह में आश्रय, भोजन, शिक्षा, खेलकूद और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं.
उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने लोगों से बाल विवाह, बाल तस्करी और बाल शोषण जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ सजग रहने तथा बाल संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की.
कार्यशाला में प्रतिभागियों को बताया गया कि बच्चों से जुड़े किसी भी प्रकार के शोषण, संकट या समस्या की सूचना 24 घंटे संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दी जा सकती है. कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, कृषि प्रसार पदाधिकारी, चाइल्डलाइन के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





