
जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के दाईगुट्टू नाले से शनिवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. दोपहर बाद स्थानीय लोगों ने नाले में शव पड़ा देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तुरंत मानगो थाना पुलिस को दी गई.


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं. इससे हत्या की आशंका भी जताई जा रही है. हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है. साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि युवक की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाया जा सके.
मानगो थाना पुलिस ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Edited By Sarita





