
सरायकेला: जमशेदपुर के डीडी बार में हुए करणी सेना के युवा जिलाध्यक्ष हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर शनिवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू आदित्यपुर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही, पूर्व मंत्री अमर कुमार बावरी सहित जमशेदपुर और सरायकेला- खरसावां जिले के कई भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.


परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि हिमांशु सिंह की हत्या केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि राज्य की बिगड़ती कानून- व्यवस्था का गंभीर उदाहरण है. उन्होंने इस घटना को झारखंड सरकार के माथे पर लगा एक बदनुमा कलंक बताते हुए पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की.
पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही ने कहा कि यह एक जघन्य और सुनियोजित हत्या है. उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के कई महत्वपूर्ण पहलुओं की अब तक निष्पक्ष जांच नहीं हुई है. इसलिए सच्चाई सामने लाने के लिए स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराना आवश्यक है.
पूर्व मंत्री अमर कुमार बावरी ने भी राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना में लापरवाही बरतने वाले दोषी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ अब तक हत्या का मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है, जो बेहद गंभीर मामला है. उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की.
भाजपा नेताओं ने कहा कि यदि निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी इस मुद्दे को लेकर जनआंदोलन तेज करेगी. उन्होंने परिजनों को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने का भरोसा भी दिया.
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर करणी सेना के युवा जिलाध्यक्ष हिमांशु सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस घटना में उनके सहयोगी प्रत्यूष आनंद गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका इलाज कोलकाता के एक अस्पताल में चल रहा है. हत्याकांड के बाद पूरे कोल्हान क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था. घटना के विरोध में 3 जुलाई को एनडीए के आह्वान पर जमशेदपुर बंद भी आयोजित किया गया था. मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है.
Edited By Sarita





