रामगढ़: जिले में अपराध नियंत्रण और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष “प्रहरी” अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने रजरप्पा थाना क्षेत्र के चट्टी बाजार से रजरप्पा मोड़ तक पैदल गश्त की. इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर अड्डेबाजी, छेड़खानी, अवैध पार्किंग और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया.


14 मई से शुरू हुए “प्रहरी” अभियान के तहत जिले में कुल 259 स्थान चिन्हित किए गए हैं. इनमें 76 स्थान पैदल गश्ती, 114 स्थान अड्डेबाजी विरोधी अभियान और 69 स्थान एंटी क्राइम चेकिंग के लिए निर्धारित हैं. पुलिस इन सभी स्थानों पर समय और स्थान बदलकर नियमित अभियान चला रही है, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनी रहे.
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना और ओपी प्रभारियों को नए संवेदनशील स्थानों की पहचान कर अभियान को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया है. साथ ही रामगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.
Edited By Sarita

