
जामताड़ा: जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत चित्तरंजन के मुख्य प्रवेश द्वार संख्या-1 के समीप शुक्रवार तड़के भीषण अग्निकांड में एक फुटपाथ दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई. हादसे में दुकान संचालक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.


जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 3:30 बजे अचानक अंडा एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं की दुकान में आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया. घटना के समय अधिकांश लोग गहरी नींद में थे. आग की ऊंची लपटें देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल चित्तरंजन फायर ब्रिगेड को सूचना दी.
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. समय रहते आग बुझा लेने से आसपास की अन्य दुकानों और संपत्तियों को बड़ी क्षति से बचा लिया गया.
दुकान संचालक चंदू साव ने बताया कि दुकान में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया. इस हादसे में उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. उन्होंने कहा कि यही दुकान उनके परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा थी. अचानक सब कुछ खत्म हो जाने से परिवार गहरे सदमे में है.
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. स्थानीय लोग शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की आशंका जता रहे हैं. पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





