
सरायकेला: जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ईचागढ़ और चौका थाना क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान करीब 48,300 घनफीट अवैध बालू जब्त किया गया, जबकि बिना वैध चालान के पत्थर परिवहन कर रहे एक वाहन को भी जब्त कर पुलिस के हवाले कर दिया गया.


उपायुक्त के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में ईचागढ़ थाना पुलिस के साथ सोड़ो, जारागोडीह और वीरडीह बालू घाटों का औचक निरीक्षण किया गया. जांच के दौरान विभिन्न जीआर स्थलों पर लगभग 38,100 घनफीट अवैध रूप से भंडारित बालू जब्त किया गया.
इसके बाद टीम ने चौका थाना क्षेत्र के चांदुडीह में भी छापेमारी की, जहां विभिन्न स्थलों से करीब 10,200 घनफीट अवैध बालू भंडारण जब्त किया गया. अभियान के दौरान चौका- पातकुम सड़क पर वाहन संख्या JH05CA6325 बिना वैध परिवहन चालान के पत्थर खनिज का परिवहन करते पकड़ा गया. प्रशासन ने वाहन को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए चौका थाना को सौंप दिया.
जिला प्रशासन ने बताया कि जब्त किए गए अवैध बालू के संबंध में नियमानुसार ई-ऑक्शन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और खनिज माफियाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे.
Edited By Sarita





