इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
जमशेदपुर: शहर में लगातार बढ़ रही चापड़बाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. नए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के पदभार संभालने के कुछ ही घंटों बाद अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ होकर एक युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला कर कानून- व्यवस्था को चुनौती दे दी.
घटना टेल्को थाना क्षेत्र के तार कंपनी रोड की है. जानकारी के अनुसार बिरसानगर जोन नंबर-1बी निवासी अशीम बनर्जी देर रात मानगो से अपने घर लौट रहे थे. रात करीब 12 बजे तीन बाइक सवार अपराधियों ने उनकी चलती बाइक को रोककर चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
जान बचाने के लिए अशीम बनर्जी ने दोनों हाथों से वार रोकने की कोशिश की, लेकिन हमलावर लगातार हमला करते रहे. वारदात के बाद अपराधी उनका पर्स छीनकर मौके से फरार हो गए.
सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
चिकित्सकों के अनुसार चापड़ के वार से उनके दोनों हाथ गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं. हाथों की प्लास्टिक सर्जरी करनी पड़ेगी.
गौरतलब है कि हाल के दिनों में बिष्टुपुर डबल डाउन बार कांड समेत शहर में चापड़बाजी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं. ऐसे में नए SSP के पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद हुई इस वारदात ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फरार हमलावरों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है.