
जामताड़ा: रेलवे यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और डिजिटल सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने अहम पहल की है. जामताड़ा जिले के महत्वपूर्ण विद्यासागर रेलवे स्टेशन पर अब स्टेशन के उत्तर और दक्षिण दोनों ओर टिकटिंग सुविधा उपलब्ध करा दी गई है.


नई व्यवस्था के तहत प्लेटफॉर्म संख्या-1 के समीप उत्तर दिशा में ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) स्थापित की गई है. पहले उत्तर दिशा से स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को टिकट लेने के लिए फुट ओवर ब्रिज पार कर दक्षिण दिशा स्थित टिकट काउंटर तक जाना पड़ता था. अब वे सीधे उत्तर दिशा से ही अनारक्षित टिकट प्राप्त कर सकेंगे.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस सुविधा से यात्रियों का समय बचेगा, अनावश्यक आवाजाही कम होगी और टिकट काउंटरों पर लगने वाली लंबी कतारों से भी राहत मिलेगी. एटीवीएम के माध्यम से यात्री डिजिटल भुगतान कर आसानी से टिकट ले सकेंगे.
विद्यासागर स्टेशन जामताड़ा और आसपास के ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों के हजारों यात्रियों के लिए प्रमुख रेल संपर्क केंद्र है. यहां से प्रतिदिन विद्यार्थी, व्यापारी, श्रमिक, किसान और नौकरीपेशा लोग सफर करते हैं. स्टेशन के दोनों ओर टिकट सुविधा शुरू होने से इन सभी यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा.
रेलवे ने बताया कि आसनसोल मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर डिजिटल टिकटिंग सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को तेज, सरल और आधुनिक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा सके.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






