
देवघर: जिले के सोनारायठाड़ी थाना क्षेत्र के उपर नावाडीह गांव में हुए चर्चित डबल मर्डर मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड की मुख्य साजिशकर्ता मृतका की 19 वर्षीय बहू शबाना खातून निकली. उसने अपने प्रेमी ईरशाद अंसारी के साथ मिलकर अपनी सास और देवर की हत्या की साजिश रची थी.


पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात के दौरान प्रेमी ईरशाद अंसारी लगातार मोबाइल फोन पर शबाना के संपर्क में था और उसे घटनाक्रम को अंजाम देने के निर्देश दे रहा था.
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर गठित एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल, वैज्ञानिक जांच और लगातार छापेमारी के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और हथौड़ा भी बरामद किया गया है. इसके अलावा खून से सने कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है.
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग इस दोहरे हत्याकांड की मुख्य वजह बनकर सामने आया है. हालांकि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच अभी जारी है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा






