
धनबाद: सांसद ढुल्लू महतो और निरसा विधायक अरूप चटर्जी के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. सांसद के हालिया बयान के बाद बुधवार को निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने धनबाद परिसदन में प्रेस वार्ता कर पलटवार किया और कई गंभीर आरोप लगाए.


अरूप चटर्जी ने सांसद द्वारा उन्हें “टकला-कछुआ” कहे जाने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इस तरह की टिप्पणी न केवल उनका बल्कि उन सभी लोगों का अपमान है, जिनके सिर पर बाल नहीं हैं. उन्होंने कहा कि देश के कई महान नेताओं के भी सिर पर बाल नहीं थे, इसलिए इस तरह की भाषा लोकतांत्रिक मर्यादा के अनुरूप नहीं है.
विधायक ने सांसद को चुनौती देते हुए धनबाद के कोयला कारोबार और कथित अवैध वसूली की CBI जांच कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि यदि जांच में उनका नाम भी सामने आता है तो वे भी कार्रवाई के लिए तैयार हैं.
अरूप चटर्जी ने सांसद द्वारा उनके परिवार पर लगाए गए आरोपों को भी खारिज किया. उन्होंने कहा कि उनके चाचा स्वयं मौजूद हैं और उनके साथ मारपीट जैसी कोई घटना नहीं हुई. उन्होंने अपनी बेटियों पर की गई टिप्पणी को भी दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि बेटियां परिवार और समाज का गौरव होती हैं.
प्रेस वार्ता के दौरान विधायक ने सांसद पर कोयला कारोबार, गोविंदपुर जमीन विवाद और अन्य मामलों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए तथा इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की. उन्होंने कहा कि भाकपा (माले) संसद के आगामी सत्र में धनबाद के कोयला कारोबार की CBI जांच की मांग उठाएगी.
वहीं, अरूप चटर्जी के चाचा ने भी सांसद के आरोपों को गलत बताते हुए उनका खंडन किया. प्रेस वार्ता में मौजूद कुछ लोगों ने भी सांसद के बयान पर नाराजगी जताई.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा






