
बोकारो: जिले के माराफारी थाना क्षेत्र स्थित आज़ाद नगर से 6 वर्षीय मासूम बच्ची आराध्या उर्फ राधा रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई है. सुबह करीब 11 बजे से बच्ची का कोई सुराग नहीं मिलने के कारण परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश तेज कर दी है.


जानकारी के अनुसार, आज़ाद नगर स्थित दीना होटल के पीछे रहने वाली राधा अपने घर के पास मोहल्ले की एक अन्य बच्ची के साथ खेल रही थी. इसी दौरान दूसरी बच्ची की मां ने उसे घर बुला लिया. दूसरी बच्ची तो अपने घर चली गई, लेकिन राधा उसके बाद अपने घर नहीं लौटी.
काफी देर तक बच्ची के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली. इसके बाद मामले की सूचना माराफारी थाना पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही मुख्यालय डीएसपी और माराफारी थाना प्रभारी आज़ाद खान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस आसपास के इलाकों में सघन खोजबीन कर रही है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि बच्ची का कोई सुराग मिल सके.
परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी बच्ची आराध्या उर्फ राधा के संबंध में कोई जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दे, तो तुरंत 9140296440 पर संपर्क करें या नजदीकी पुलिस थाना को सूचना दें.






