
जमशेदपुर : झारखंड में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर आजसू पार्टी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है. पार्टी के पूर्वी सिंहभूम जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि पूरे झारखंड के साथ-साथ जमशेदपुर में भी हत्या, लूट, छिनतई और संगठित अपराध की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है. इससे आम जनता भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन जीने को मजबूर है.


उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हुई है. सरकार अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के बजाय केवल अधिकारियों के तबादलों में व्यस्त है. पुलिस का दायित्व आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में लोग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
अप्पू तिवारी ने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के बजाय आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध और जनता की सुरक्षा के मुद्दे को लेकर 3 जुलाई को आहूत झारखंड बंद का आजसू पार्टी पूर्ण समर्थन करेगी.
उन्होंने बताया कि बंद को सफल बनाने के लिए आजसू पार्टी के कार्यकर्ता पूरे जमशेदपुर में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से सड़कों पर उतरकर अपना समर्थन दर्ज कराएंगे. साथ ही उन्होंने आम नागरिकों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों तथा सभी वर्गों के लोगों से प्रदेश में अमन-चैन, सुरक्षित वातावरण और बेहतर कानून-व्यवस्था की स्थापना के लिए 3 जुलाई की बंदी को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक






