
जामताड़ा: बाबा बैद्यनाथ धाम में लगने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले को लेकर रेलवे ने श्रद्धालुओं को बड़ी राहत दी है. ईस्टर्न रेलवे ने हावड़ा और नटेसर के बीच श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है, जिससे देवघर और जसीडीह आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा आसान होगी.


रेलवे के अनुसार, 03001 हावड़ा-नटेसर श्रावणी मेला स्पेशल 5 जुलाई से 29 सितंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को कुल 38 फेरे लगाएगी. यह ट्रेन रात 11:50 बजे हावड़ा से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12:00 बजे नटेसर पहुंचेगी.
वहीं 03002 नटेसर-हावड़ा श्रावणी मेला स्पेशल 6 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार को कुल 38 फेरे लगाएगी. यह ट्रेन दोपहर 1:00 बजे नटेसर से चलकर अगले दिन सुबह 4:30 बजे हावड़ा पहुंचेगी.
दोनों दिशाओं में यह स्पेशल ट्रेन दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर रुकेगी. ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी, स्लीपर और एसी कोच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी. रेलवे के इस फैसले से श्रावणी मेले के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






