
सरायकेला: जिले के खरसावां थाना क्षेत्र अंतर्गत बुरुडी स्थित श्री सीमेंट प्लांट के समीप मंगलवार देर शाम 11 हजार वोल्ट के ग्राउंड केबल में मेंटेनेंस कार्य के दौरान अचानक आग लग गई. आग लगने से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई और आसपास के करीब दो दर्जन भर गांव अंधेरे में डूब गए.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मेंटेनेंस के दौरान अचानक केबल से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते उसमें आग लग गई. घटना के बाद एहतियात के तौर पर संबंधित फीडर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे व्यापक क्षेत्र में ब्लैकआउट की स्थिति उत्पन्न हो गई. इस दौरान चिलकु, बंदीराम, संतारी, जगन्नाथपुर, रायडीह, बिटापुर सांडेबुरु, विषयगोड़ा, लाल बाजार, सोखानडीह, मुरुमडीह समेत दो दर्जन गावो में अंधेरा छा गया.
शाम होते ही बिजली गुल रहने से ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई. बड़ी संख्या में लोग श्री सीमेंट प्लांट पहुंचे और कंपनी के पर पहुंच गए और कंपनी के खिलाफ विरोध जताने लगे. ग्रामीणों ने जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की.

घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के अधिकारी और तकनीकी कर्मी मौके पर पहुंचे तथा क्षतिग्रस्त केबल की मरम्मत कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने के प्रयास में जुट गए. हालांकि समाचार लिखे जाने तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी.
बिजली विभाग के कार्यपालक अधिकारी लालजी प्रसाद का कहना है कि क्षतिग्रस्त केबल को दुरुस्त करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है और जल्द ही प्रभावित गांवों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी. उन्होंने कहा कि रिंग बांधने का काम चल रहा था इसी दौरान शार्ट सर्किट के कारण यह घटना हुई है.
Edited By Sarita






