
सरायकेला: हूल दिवस के अवसर पर मंगलवार को ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक सविता महतो ने झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ चांडिल गोलचक्कर स्थित वीर शहीद सिदो-कान्हु की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके बाद उन्होंने चौका के टुईटुंगरी मोड़ स्थित वीरांगना फूलो-झानो की प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित की.


विधायक ने नीमडीह प्रखंड के पाढ़कीडीह तथा कुकड़ू प्रखंड के सिंदूरपुर और हाईतिरुल गांव में स्थापित वीर शहीद सिदो-कान्हु की प्रतिमाओं पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए. सिंदूरपुर में उन्होंने वीर शहीद सिदो-कान्हु की आदमकद प्रतिमा का अनावरण भी किया.

इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि वीर शहीदों का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाएगा. उनके सपनों का झारखंड बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा. उन्होंने कहा कि 30 जून 1855 को जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा शोषण और अत्याचार के खिलाफ अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध हूल विद्रोह का बिगुल फूंकने वाले सिदो-कान्हु, चांद-भैरव, फूलो-झानो सहित हजारों शहीदों का बलिदान हमेशा प्रेरणा देता रहेगा.
उन्होंने कहा कि झारखंड के वीर सपूतों का संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को न्याय, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा. कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता, डीएसपी शिव प्रकाश कुमार, जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक सहित बड़ी संख्या में झामुमो नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
Edited By Sarita






