
जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर करणी सेना सरायकेला इकाई के युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह की हत्या के मामले में जांच तेज हो गई है. मंगलवार को जोनल एडीजी सह एडीजी सीआईडी मनोज कौशिक जमशेदपुर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय समीक्षा की.


उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक की जांच की प्रगति की जानकारी ली और घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी. इसके बाद उन्होंने डबल डाउन बार पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा घटना के समय की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्रवाई की समीक्षा की.
जोनल एडीजी ने अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए जांच तेज करने का निर्देश दिया.
मनोज कौशिक ने बताया कि हत्याकांड से जुड़े तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है.
इधर, हिमांशु सिंह की मौत के बाद शहर में आक्रोश का माहौल बना हुआ है. परिजन और समर्थक लगातार दोषियों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग कर रहे हैं. प्रशासन ने डबल डाउन बार को सील कर दिया है. वहीं इस मामले में बिष्टुपुर थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है.
उधर, परिजनों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया है. पुलिस साक्ष्य जुटाने और फरार आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है.
Edited By Sarita






