
जमशेदपुर: शहर में अपराध चरम स्तर पर है. सोमवार देर रात तक एक ओर बिष्टुपुर में जहां डीडी बार चाकूबाजी मामले में घायल हिमांशु की मौत के बाद लोगों का आक्रोश फूट पड़ा था वहीं दूसरी तरफ बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित टीआरएफ कंपनी के समीप देर रात एक ट्रक चालक पर हथियारबंद बदमाशों ने जानलेवा हमला कर लूटपाट की कोशिश की.


वैसे चालक के साहस और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लूट की वारदात नाकाम रही. घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर इलाज कराया गया. जानकारी के अनुसार, घायल चालक की पहचान पश्चिम बंगाल के बीरग्राम निवासी जय प्रकाश रजक के रूप में हुई है. वह मुन्ना झा ट्रांसपोर्ट का ट्रक (ओडी 09 ए 3243) चलाता है.
घटना रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच की बताई जा रही है. उस समय चालक अपने ट्रक के पास मौजूद था. इसी दौरान एक वाहन से तीन अज्ञात बदमाश मौके पर पहुंचे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों के हाथ में चापड़ और पिस्टल जैसे हथियार थे. उन्होंने चालक से मोबाइल फोन और नकदी देने की मांग की. विरोध करने पर बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया.

गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद जय प्रकाश रजक ने हिम्मत नहीं हारी और किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई. इसी दौरान क्षेत्र में गश्त कर रही बर्मामाइंस थाना पुलिस की नजर घायल चालक पर पड़ी. पुलिस ने बिना देर किए उसे अपने वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया. चिकित्सकों के अनुसार, चालक की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है.
घटना की जानकारी मिलते ही मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में ट्रक चालक और ड्राइवर यूनियन के सदस्य बर्मामाइंस थाना पहुंचे. उन्होंने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, रात में ट्रक चालकों की सुरक्षा बढ़ाने, नियमित पुलिस गश्त और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की. फिलहाल बर्मामाइंस थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा.
Edited By Sarita






