इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
सरायकेला: ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को सरायकेला प्रखंड के सिदडीह गांव में पेपर प्लेट निर्माण मशीन स्थापना विषयक एक दिवसीय कौशल उन्नयन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रशिक्षण का आयोजन झारखंड ट्राइबल डेवलपमेंट सोसाइटी (JTDS), डीपीएमयू, सरायकेला- खरसावां द्वारा नाबार्ड-एलईडी परियोजना के तहत किया गया.
प्रशिक्षण में राजनगर और सरायकेला प्रखंड की छह स्वयं सहायता समूहों की कुल 60 महिलाओं ने भाग लिया. मास्टर ट्रेनर शेफाली महतो ने प्रतिभागियों को पेपर प्लेट निर्माण मशीन की स्थापना, संचालन, रख-रखाव, सुरक्षा उपाय, गुणवत्ता नियंत्रण, लागत निर्धारण और उद्यम प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
महिलाओं को बाजार की मांग, व्यवसाय की संभावनाओं तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पेपर प्लेट निर्माण आधारित उद्योग शुरू करने के तरीकों से भी अवगत कराया गया. प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों का स्किल मैपिंग किया गया और समूहवार भविष्य की आजीविका योजनाओं पर चर्चा की गई.
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को तकनीकी कौशल प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ना था, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपनी आय में वृद्धि कर सकें.
समापन सत्र में प्रतिभागियों के साथ भविष्य की कार्ययोजना तैयार की गई तथा प्रशिक्षण पर फीडबैक लिया गया. अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद चयनित स्वयं सहायता समूहों को पेपर प्लेट निर्माण मशीन स्थापित करने और उद्यम शुरू करने के लिए आवश्यक तकनीकी एवं संस्थागत सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा. कार्यक्रम में डीपीएम नीरज नयन सहित JTDS, डीपीएमयू सरायकेला-खरसावां के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.