
आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां आमतौर पर किराएदारों के साथ होने वाले विवाद के उलट एक बुजुर्ग मकान मालकिन को अपने ही किरायेदार की प्रताड़ना का सामना करना पड़ा. हालांकि मामले की सूचना मिलते ही आदित्यपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर किरायेदार से मकान खाली करा दिया.


जानकारी के अनुसार डीवीसी मोड़ स्थित सनराइज एनक्लेव के समीप रहने वाली बुजुर्ग महिला वैदेही शर्मा ने वर्ष 2023 में जादूमणि साहू को अपना मकान किराये पर दिया था. एग्रीमेंट की अवधि समाप्त होने के बाद पिछले एक वर्ष से वह लगातार नोटिस देकर किरायेदार से मकान खाली करने का आग्रह कर रही थीं, लेकिन वह मकान खाली नहीं कर रहा था.
बताया गया कि 25 जून को वैदेही शर्मा स्वयं किरायेदार से मकान खाली कराने पहुंचीं. इसी दौरान आरोप है कि जादूमणि साहू ने उन पर खौलती हुई दाल फेंक दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं. घायल अवस्था में उन्हें तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया.
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह को सूचना दी. थाना प्रभारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया और किरायेदार को 24 घंटे के भीतर मकान खाली करने का निर्देश दिया. पुलिस की सख्ती के बाद आरोपी किरायेदार ने मकान खाली कर दिया.
बुजुर्ग महिला के परिजनों ने आदित्यपुर पुलिस और थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय पर पुलिस की पहल से उन्हें राहत मिली. वहीं पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Edited By Sarita






