
जामताड़ा: राष्ट्रीय पल्स पोलियो उन्मूलन कार्यक्रम के तहत रविवार को सदर अस्पताल से जिलेव्यापी पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया. जिला उपायुक्त आलोक कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान की शुरुआत की और नवजात शिशुओं को पोलियो की खुराक पिलाई.


उपायुक्त ने बताया कि अभियान के तहत जिले के सभी गांवों और पंचायतों में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी. पहले दिन बूथ दिवस के अवसर पर जिले के 937 बूथों पर पोलियो की खुराक उपलब्ध कराई गई. इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ऑटो स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर 30 ट्रांजिट टीमों की तैनाती की गई, ताकि यात्रा कर रहे बच्चों को भी दवा दी जा सके.
उन्होंने कहा कि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो बूथ तक नहीं पहुंच सके. जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि निर्धारित आयु वर्ग का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे.
सिविल सर्जन डॉ. शिवप्रसाद मिश्रा ने बताया कि जिले में कुल 1,28,055 बच्चों को लक्षित किया गया है. इनमें से पहले दिन 1,17,583 बच्चों यानी 91.82 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई. कार्यक्रम में अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निलेश कुमार, डीपीएम प्रदीप महतो समेत स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






