
जमशेदपुर: धतकीडीह स्थित मदर टेरेसा एडवांस्ड क्लिनिक में रविवार को तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया. इस अवसर पर झामुमो नेता सरफराज हुसैन ने फीता काटकर अभियान की शुरुआत की और 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाई. उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित नहीं रहना चाहिए.


सरफराज हुसैन ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने सभी छोटे बच्चों को समय पर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं और स्वास्थ्य विभाग के इस जनहित अभियान में सक्रिय सहयोग करें. उन्होंने बताया कि झारखंड में इस अभियान के तहत 61.26 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है. 28 जून को राज्यभर में 24 हजार से अधिक पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जा रही है, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी.

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, एएनएम, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविकाएं तथा स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे. सभी ने एक स्वर में लोगों से अपील की कि 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक दवा अवश्य पिलाएं, ताकि पोलियो मुक्त समाज के लक्ष्य को सफल बनाया जा सके.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक






