
सरायकेला: नगर क्षेत्र से होकर गुजरने वाली मुख्य मार्ग की जर्जर सड़क एक बार फिर गंभीर हादसे की वजह बन गई. शुक्रवार शाम करीब छह बजे बिरसा चौक के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे से बचने के प्रयास में एक बाइक अनियंत्रित होकर पैदल जा रहे युवक से टकरा गई. हादसे में बाइक सवार तीन लोगों समेत कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.


जानकारी के अनुसार, पाटाहेसल निवासी 26 वर्षीय रामसिंह मुंडरी अपने बड़े पिता राधा मुंडारी (65) और मामी सुकमणी हेसा (25) के साथ सरायकेला साप्ताहिक हाट से खरीदारी कर बाइक से घर लौट रहे थे. बिरसा चौक के पास सड़क पर बने बड़े गड्ढे को बचाने के दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और पैदल जा रहे 22 वर्षीय झंटू राणा को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी तेज थी कि चारों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्काल सभी घायलों को सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया, जबकि एक घायल का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली. उनका कहना है कि सरायकेला- खरसावां मुख्य मार्ग लंबे समय से गड्ढों में तब्दील है. लगातार शिकायतों के बावजूद मरम्मत नहीं कराई जा रही है. लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं. उन्होंने प्रशासन से तत्काल सड़क दुरुस्त कराने और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने की मांग की है.
प्रमोद सिंह
संपादक






