
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित बाजार में बीती रात अज्ञात चोरों ने छह दुकानों को निशाना बनाते हुए जमकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर दुकानों के ताले तोड़कर नकदी, सब्जियां, लहसुन, टमाटर और आठ बत्तख तक लेकर फरार हो गए. सुबह जब दुकानदार बाजार पहुंचे तो टूटी दुकानें और बिखरा सामान देखकर हड़कंप मच गया.


आलू- प्याज व्यवसायी अजय यादव ने बताया कि उनकी दुकान से नकदी रखने वाला गल्ला चोरी हो गया. बाद में गल्ला बाजार से कुछ दूरी पर टूटा हुआ मिला, लेकिन उसमें रखे करीब दो हजार रुपये नकद और जरूरी कागजात गायब थे.
वहीं दुकानदार दुखी पोद्दार की दुकान से एक कैरेट टमाटर चोरी कर लिया गया, जबकि मधु पोद्दार की दुकान से लहसुन और खुदरा नकदी गायब मिली. इसके अलावा नीति मुर्गी दुकान से आठ बत्तख चोरी कर ली गईं. सुनील पान दुकान का कैश काउंटर भी तोड़ा गया, लेकिन उसमें नकदी नहीं होने के कारण चोरों को कुछ हाथ नहीं लगा.
घटना के बाद दुकानदारों ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि बाजार समिति नियमित रूप से शुल्क वसूलती है, लेकिन रात में सुरक्षा के लिए कोई चौकीदार तैनात नहीं किया जाता. इसी का फायदा उठाकर चोर लगातार वारदात को अंजाम दे रहे हैं.
सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. दुकानदारों ने बाजार में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और नियमित रात्रि गश्त की मांग की है.
Edited By Sarita






