सरायकेला: जिले में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 126वीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई. इस अवसर पर बिरसा चौक, सरायकेला एवं समाहरणालय परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को याद किया गया.


उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों और कर्मियों के साथ भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया. इस दौरान उनके संघर्ष, त्याग और सामाजिक चेतना को नमन किया गया.
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कहा गया कि भगवान बिरसा मुंडा जल, जंगल और जमीन की रक्षा, आदिवासी अस्मिता, सामाजिक न्याय और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के महान प्रतीक थे. उन्होंने शोषण और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करते हुए समाज को आत्मसम्मान, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया.
अधिकारियों ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन त्याग, जनजागरण और सामाजिक परिवर्तन का अद्वितीय उदाहरण है. प्रकृति संरक्षण, सामाजिक समरसता और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा. उनके विचार और आदर्श आज भी नई पीढ़ी को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराते हैं. कार्यक्रम में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे और धरती आबा को श्रद्धापूर्वक नमन किया.
Edited By Sarita Mahato

