सरायकेला: नगर पंचायत क्षेत्र में बढ़ती जनसमस्याओं के समाधान को लेकर नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि अब एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं. सोमवार को नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनता की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.


बैठक में पेयजल, साफ-सफाई, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की गई. उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने कहा कि नगर पंचायत का पहला दायित्व नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इसके लिए सभी अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा.
उन्होंने कहा कि आम लोगों को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना चाहिए. प्राप्त शिकायतों और आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन किया जाए.
उपाध्यक्ष ने विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की और कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी करें और समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करें.
बैठक के दौरान वार्डों से प्राप्त विभिन्न शिकायतों पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. साथ ही शिकायतों के पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया, ताकि लोगों का नगर पंचायत प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो सके.
बैठक में वार्ड पार्षद उत्तम महंती, विक्रम मोदक, गौतम नायक, ज्योति साहू, सुषमा तियू, बबिता कामिला, सविता पटनायक, शांति गोड़सेरा, अंजली राय सहित नगर पंचायत के कई पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह

