कांड्रा: सरायकेला- खरसावां जिले की पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कांड्रा थाना पुलिस ने सोमवार को गिद्दीबेड़ा टोल प्लाजा पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया. अभियान के दौरान दोपहिया, चारपहिया एवं अन्य वाहनों की सघन जांच की गई.


जांच के क्रम में वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के आवश्यक दस्तावेज, हेलमेट, सीट बेल्ट तथा अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई. पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी.
कांड्रा थाना पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, अपराध की रोकथाम तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया. जांच के दौरान कई वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया.
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. साथ ही लोगों से सुरक्षित एवं जिम्मेदार तरीके से वाहन चलाने की अपील की गई.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के वाहन जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय



