बोकारो: जिले के झुमरा पहाड़ क्षेत्र में भालू के हमले में एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों ने तत्काल घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.


जानकारी के अनुसार जंगल क्षेत्र में भालू के अचानक हमले से बुजुर्ग बुरी तरह घायल हो गए. घटना के तुरंत बाद उन्हें गोमिया अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया. स्थिति गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चास रेफर कर दिया.
चास में चिकित्सकीय जांच के बाद घायल की उम्र और स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें रिम्स रांची भेजा गया है. वर्तमान में रिम्स में उनका इलाज चल रहा है और डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है.
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार घायल की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. वहीं स्थानीय लोगों से जंगल क्षेत्रों में सतर्कता बरतने और वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



