बोकारो: जिले के बेरमो विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ढोरी 5 नंबर धौड़ा में हुई गर्भवती महिला की निर्मम हत्या के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है. रविवार को बेरमो विधायक अनूप सिंह पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया.


विधायक ने स्वर्गीय अनीता देवी के पति महेश भुईया और अन्य परिजनों से मुलाकात कर दुख की इस घड़ी में धैर्य बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद, हृदयविदारक और निंदनीय है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है.
विधायक ने बताया कि घटना के समय वह अपनी पुत्री के नामांकन के सिलसिले में क्षेत्र से बाहर थे, लेकिन घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन के संपर्क में रहे. उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर सभी दोषियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है.
उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए. दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिले, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
विधायक ने कहा कि वह पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास जारी रखेंगे. इस दौरान स्थानीय लोग भी मौजूद रहे और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की.



