बिहार: मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. खारी गांव स्थित जेडी पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले 6 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. छात्र का शव स्कूल परिसर में शौचालय के पास पाइप से बंधा हुआ मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं, जबकि घटना के बाद स्कूल संचालक के फरार हो जाने से मामला और अधिक रहस्यमय हो गया है.


मृतक छात्र की पहचान पोखराम परमानंदपुर वार्ड संख्या-10 निवासी रामानंद यादव के पुत्र आनंद प्रेम के रूप में हुई है. आनंद प्रेम यूकेजी का छात्र था और पिछले करीब छह माह से स्कूल के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था.
रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों का आरोप है कि मासूम की हत्या कर शव को शौचालय के पास पाइप से बांध दिया गया. मृतक की दादी ने बताया कि घटना के बाद स्कूल संचालक शव को उनके घर पहुंचाकर चला गया. इसके बाद परिजन शव लेकर स्कूल पहुंचे और जमकर विरोध प्रदर्शन किया.
मामले को और गंभीर बनाते हुए स्कूल में पढ़ने वाले कुछ छात्रों ने दावा किया कि देर रात दो अज्ञात व्यक्ति स्कूल परिसर में आए थे. छात्रों के अनुसार उन लोगों ने आनंद प्रेम के गले में रस्सी बांधी और उसे शौचालय के पास छोड़कर स्कूल के पीछे की ओर से फरार हो गए. हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस दावे की पुष्टि नहीं की है.
स्थानीय लोगों के अनुसार जेडी पब्लिक स्कूल पिछले लगभग पांच वर्षों से संचालित हो रहा है. घटना के बाद से स्कूल संचालक सुनील कुमार फरार बताया जा रहा है. संचालक के अचानक गायब होने से कई सवाल खड़े हो गए हैं.
सूचना मिलने के बाद मुरलीगंज थाना पुलिस और मधेपुरा के पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार सिंह ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेजा गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
फिलहाल इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. एक आवासीय स्कूल में छह साल के मासूम की संदिग्ध मौत और उसके बाद स्कूल संचालक के फरार होने से कई सवाल उठ रहे हैं. अब सभी की नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे इस रहस्यमयी मौत का सच सामने आ सके.



