जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित बाड़ीगोड़ा रेल फाटक पर रविवार को अंडरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. मुखिया सुनीता नाग और सामाजिक कार्यकर्ता मिथुन चक्रवर्ती के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और रेलवे प्रशासन के खिलाफ एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन किया.


प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने सड़क पर टायर जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया और रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. आंदोलन में महिला और पुरुषों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वर्षों से लंबित अंडरब्रिज निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से क्षेत्र के लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
ग्रामीणों के अनुसार करीब तीन वर्ष पहले बाड़ीगोड़ा में अंडरब्रिज निर्माण का शिलान्यास किया गया था, लेकिन आज तक निर्माण कार्य धरातल पर शुरू नहीं हो सका है. इसका खामियाजा बाड़ीगोड़ा, सालगझुरी और आसपास के इलाकों के हजारों लोगों को भुगतना पड़ रहा है. रेल फाटक बंद होने पर लंबा जाम लग जाता है, जिससे आम लोगों का आवागमन प्रभावित होता है.
सामाजिक कार्यकर्ता मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि ट्रेन गुजरने के दौरान रेल फाटक लंबे समय तक बंद रहता है. इससे स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, फैक्ट्री कर्मियों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों को इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए ठोस पहल करनी चाहिए.
वहीं मुखिया सुनीता नाग ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से अंडरब्रिज निर्माण की मांग कर रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि रेलवे प्रशासन जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं करता है तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.
फिलहाल ग्रामीणों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग प्रशासन और रेलवे अधिकारियों तक पहुंचाने का प्रयास किया है. अब क्षेत्रवासियों की निगाहें रेलवे प्रशासन के फैसले पर टिकी हैं.



