जामताड़ा: जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत गोखुला गांव में आयोजित डे-नाइट शॉर्ट बाउंड्री क्रिकेट प्रतियोगिता का रविवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ समापन हो गया. प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में खेल के प्रति युवाओं का उत्साह देखने को मिला.


फाइनल मुकाबला जेड डिजिटल सेंटर और एम बी क्लब के बीच खेला गया. दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई थी. मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया. अंततः जेड डिजिटल सेंटर ने खिताब अपने नाम कर लिया.
प्रतियोगिता का उद्घाटन नेशनल ह्यूमन राइट्स एंड जस्टिस मूवमेंट के केंद्रीय सचिव हाफिज एहतेशामुल मिर्जा ने किया था. वहीं समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर उन्होंने विजेता और उपविजेता टीम को सम्मानित किया.
अपने संबोधन में हाफिज एहतेशामुल मिर्जा ने कहा कि शॉर्ट बाउंड्री क्रिकेट अपनी अलग पहचान और रोमांच के लिए जाना जाता है. इस खेल में खिलाड़ियों को कम समय में सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करनी पड़ती है. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में खेल युवाओं के लिए करियर का बेहतर माध्यम बन रहा है और खिलाड़ियों को पूरे समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए.
इस प्रतियोगिता को देखने के लिए आसपास के गांवों से सैकड़ों खेल प्रेमी पहुंचे. देर रात तक मैदान में दर्शकों की भारी भीड़ मौजूद रही और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाती रही. पूरे आयोजन के दौरान खेल भावना और अनुशासन का माहौल देखने को मिला.
कार्यक्रम को सफल बनाने में जियाउद्दीन शेख, शफीक शेख, इरशाद शेख, अनवर शेख, आजम खान, कामरान शेख, बेलाल मिर्जा, आसिफ राजा, फुरकान शेख, अख्तर शेख, पप्पू शेख, कुर्बान शेख और इश्तियाक शेख सहित कई लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



