जमशेदपुर: भीषण गर्मी के बीच ब्लड बैंकों में रक्त की कमी को दूर करने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था वॉइस ऑफ ह्यूमैनिटी ने शुक्रवार को बिष्टुपुर ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया. दो घंटे तक चले इस शिविर में संस्था के 52 सदस्यों एवं उनके सहयोगियों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की.


शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इस अवसर पर उपस्थित प्रभुनाथ सिंह ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद युवाओं का रक्तदान के लिए आगे आना समाज के लिए प्रेरणादायक है.
कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से प्रभुनाथ सिंह को शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया. वहीं रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले राजेश मार्डी, सार्थक अग्रवाल और आशीष अग्रवाल को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया.
संस्था के संस्थापक हरि सिंह राजपूत ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की. उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में बिष्टुपुर ब्लड बैंक में रक्त की कमी बनी हुई है. ऐसे में लोगों को आगे आकर रक्तदान करना चाहिए, ताकि किसी भी जरूरतमंद मरीज को रक्त के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े.
रक्तदान शिविर को सफल बनाने में सुखविंदर सिंह, हरि सिंह राजपूत, गगनदीप, संदीप, पुनीत, महेश, बबलू, अभिषेक, राहुल, विकास, बिप्लब, मधु समेत संस्था के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



